जानें क्यों फूलता है पेट और क्या हैं इसके आसान घरेलू उपाय

जानें क्यों फूलता है पेट और क्या हैं इसके आसान घरेलू उपाय

पेट फूलना यानी ब्लोटिंग एक आम समस्या है। आमतौर पर पेट फूलने का कारण पेट में बनने वाली गैस होती है। ये ज्यादातर तला-भुना खाने और मसालेदार भोजन से होता है। पेट फूलने की वजह से आपको रोजमर्रा के कामों में परेशानी होती है। पेट फूलने के कारण पेट भरा-भरा लगता है और भूख का पता नहीं चलता है। न ही आप ऐसे में भोजन का ठीक से आनंद ले पाते हैं। आइए आपको बताते हैं क्यों फूलता है पेट और किन घरेलू उपायों से आप दूर कर सकते हैं ये समस्या।

पेट फूलने का कारण
पेट फूलने का कारण आपका गलत खान-पान होता है। जब आप तेल-मसाले वाले आहार या पेट में गैस बनाने वाले आहार ज्यादा मात्रा में खा लेते हैं, तो पेट फूलने की समस्या हो जाती है। इलरे अलावा पेट फूलने के कई अन्य कारण हो सकते हैं -
  • ज्यादा ब्रेड खाने और डेयरी प्रॉडक्ट्स
  • स्पाइसी खाना जैसे- मीट, मटन आदि का सेवन
  • चाय, कॉफी का ज्यादा सेवन करना
  • बीन्स जैसे- राजमा, सोयबीन, छोले आदि का सेवन ज्यादा करना
  • कब्ज की समस्या होने पर
  • शरीर में पानी की कमी होने पर
  • पीरियड्स के दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण
  • अगर आपको बहुत तेजी के साथ खाना खाने की आदत हैं तो आपकी यह आदत आपका पेट फुलाने का काम कर रही है। खाना खाते वक्त किसी भी तरह की जल्दबाजी ना करें।
  • बहुत ज्यादा च्युइंगम खाने से हवा मुंह के रास्ते पेट में भर जाती है जिससे पेट में भारीपन रहता है।

अगर आप भी अक्सर पेट फूलने की समस्या से परेशान रहते हैं, तो हम आपको बता रहे हैं कुछ घरेलू उपाय, जिनसे कुछ घंटों में ही आपको इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
पेट फूलने में आसान घरेलू नुस्खे
पेट फूलने की समस्या चूंकि खान-पान से संबंधित समस्या है इसलिए घरेलू नुस्खों से इसमें आराम मिल जाता है।
नींबू पानी
नींबू पानी पेट की हर समस्या में वरदान है। नींबू में साइट्रिक एसिड होता है, जो पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। अगर आप ब्लोटिंग की समस्या से परेशान हैं, तो रोज सुबह एक ग्लास गुनगुने पानी
में नींबू का रस मिलाकर पिएं। आप चाहें तो ग्रीन टी में नींबू का रस मिलाकर भी पी सकते हैं।
फाइबर की मात्रा कम करें
फाइबर आपके पाचन के लिए जरूरी है और फाइबरयुक्त आहार खाने से आपको कब्ज की समस्या नहीं होती है। मगर जरूरत से ज्यादा फाइबर आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा फाइबर खाने से पेट फूलने की समस्या हो सकती है इसलिए फाइबर की मात्रा को कंट्रोल करें।
खूब पानी पिएं
अगर आपको पेट फूलने की समस्या है, तो आपको खूब पानी पीना चाहिए। आपको ऐसा लग सकता है कि पानी के कारण ही आपका पेट फूला हुआ है या भरा हुआ है मगर ऐसे समय में शरीर को पानी की जरूरत ज्यादा होती है इसलिए पानी जरूर पिएं।
जीरा नमक
आप किसी शीशी में जीरा पीसकर और उसमें काला नमक मिलाकर रख लें। जब भी खाना खायें उसे साथ रखें और खाना खत्म होने के बाद थोड़ा सा यह चूरन लेकर उसे एक घूंट पानी के साथ निगल जायें। खाना खाने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए, इसलिए बस एक-दो घूंट पानी ही पियें।