बेड और अलमारी को खिसकाते रहिए, फिर देखिए चमत्कार

बेड और अलमारी को खिसकाते रहिए, फिर देखिए चमत्कार

गतिशीलता प्रकृति का सबसे पहला नियम है। संसार में अधिकतर वस्तुएं गतिशील होती हैं जो गति नहीं करता उसका विकास रुक जाता है। वास्तु शास्त्र में भी ठहराव अच्छा नहीं माना गया है। इसलिए हमें समय-समय पर घर में रखी वस्तुओं को दाएं-बाएं, आगे -पीछे हटाते रहना चाहिए। घर में एक ही जगह लंबे समय तक रखी हुई वस्तुएं वास्तु के हिसाब से ठीक नहीं रहती। जानिए ऐसी कौन-कौन सी चीजें हैं जिनमें हमें अंतराल पर बदलाव करना चाहिए।

घर में सबसे स्थाई वस्तु बेड या पंलग होता है। एक बार बिछाया गया प्लंग महीनों तक एक ही जगह पड़ा रहता है। इससे पति-पत्नी के बीच झगड़े बढ़ जाते हैं। वाद-विवाद और कलह उत्पन्न होता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि जिस स्थान पर बेड होता है उसके नीचे साफ सफाई का उचित ध्यान नहीं दिया जाता। इससे नकारात्मक उर्जा फैलने लगती है। धीरे-धीरे निगेटिव एनर्जी का विस्तार होता रहता है और उस कमरे में रहने वाले व्यक्तियों के मन पर सीधा असर डालती है। बेड के अंदर रखा गया बहुत अधिक सामान भी स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालता है। जिस बेड पर आप सोते हैं उसके अंद स्टील के बर्तन या कोई लोहे का सामान बिल्कुल न रखें। इससे स्वास्थ्य खराब होने की संभावना अधिक बढ़ जाती है। कमर दर्द, रीढ़ की हड्डी की प्रॉब्लम और नींद ना आने जैसी समस्याएं धीरे-धीरे जड़ पकड़ लेती हैं।

घर में दूसरी सबसे भारी वस्तु होती है सेफ अर्थात अलमारी। अलमारी में हम कपड़ों के साथ-साथ घर की अन्य भारी वस्तुएं भी रख लेते हैं। किसी एक विशेष अलमारी में अपना धन,गहने, प्रॉपर्टी के कागज आदि रखते हैं। कई बार अलमारी का मूवमेंट नहीं होता। इससे घर का पैसा अनावश्यक खर्चे में परिवर्तित होकर अपव्यय हो जाता है। लक्ष्मी चंचला है। उसको भी थोड़ी गति चाहिए। इसलिए महीने-दो महीने या सप्ताह में अलमारी को थोड़ा-बहुत हिलाते रहें या एक दो इंच या फुट आगे-पीछे, दाएं-बाएं करते रहें। इससे धन का मूवमेंट भी अच्छा रहेगा और आपके मन में प्रसन्नता का भाव रहेगा।